राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों को अब पारंपरिक ट्रेड से हटकर आधुनिक ट्रेड की पढ़ाई करने का भी मौका मिलेगा। इसके अंतर्गत टाटा टेक्नोलॉजी की ओर से रोबोटिक्स और इलेक्टि्रक व्हीकल सरीखे नए पाठ्यक्रम का संचालन होगा। सितंबर माह में शुरू होने वाले नए सत्र से इसकी पढ़ाई शुरू हो जाएगी। प्रधानाचार्य का कहना है कि एक-दो दिन में ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे।
प्रदेश सरकार और टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड यानी टीटीएल के मध्य हुए समझौते में आईटीआई मुरादाबाद को चयनित किया गया है। इसके अंतर्गत इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक वर्कशॉप, ऑटोमेटिक मशीनों व उपकरणों, ई-कंटेंट, साफ्टवेयर विकास आदि से संबंधित पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इसे देखते हुए संस्था में दोनों ट्रेड के लिए कार्यशालाओं का निर्माण किया गया है। दोनों ट्रेड में करीब 24-24 सीटों पर दाखिले होंगे, जबकि नए सत्र के लिए आईटीआई की कुल 12 ट्रेड में चार सौ सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन किए जाएंगे।
पीपीपी मॉडल पर कांठ आईटीआई होगी संचालित
प्रधानाचार्य ने बताया कि कांठ आईटीआई अब पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) माॅडल पर संचालित की जाएगी। दाखिला के लिए आवेदन सभी विद्यार्थियों को करना है। कुल सीटों की 40 फीसदी सीटें प्रदेश सरकार की आरक्षित हैं। इन पर विभाग की काउंसिलिंग से दाखिला होगा, जबकि 60 फीसदी सीटों पर प्राइवेट स्ट्रेक्चर के आधार पर दाखिला होंगे। 40 फीसदी सीटों की फीस 40 रुपये महीना होगी। इसमें एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई निशुल्क है। वहीं पीपीपी मॉडल वाली सीटों की फीस 16 से 17 हजार रुपये होगी।
- दोनों ट्रेड में इसी सत्र से पढ़ाई करवाई जाएगी। अभी ट्रेड की मान्यता की फाइल चल रही है। संभवत: यह ट्रेड एनसीवीटी (नेशनल काउंसलिंग फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) के अंतर्गत संचालित होगी।
-संजीव कुमार जैन, प्रधानाचार्य, आईटीआई मुरादाबाद।