मुरादाबाद। बरेली से दिल्ली के बीच चलने वाली 14315 इंटरसिटी एक्सप्रेस सिगनल ओवरशूट के भय से हकीमपुर में अचानक रुक गई। सिगनल अचानक रेड होने के कारण ड्राइवर को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। ट्रेन झटके के साथ रुकी तो यात्री घबरा गए और बाहर निकल कर देखा। कुछ यात्रियों ने ड्राइवर से पूछताछ की तो मामले की जानकारी हुई।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के मुताबिक ट्रेन लगभग 10 मिनट बाद दोबारा चलाई गई। बुधवार को सुबह निर्धारित समय से पांच मिनट लेट नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरादाबाद जंक्शन के के प्लेटफार्म नंबर 5 से रवाना हुई। मुरादाबाद के बाद इस ट्रेन का अगला ठहराव अमरोहा होता है। रास्ते के छोटे स्टेशनों से यह ट्रेन रन थ्रू निकलती है। बुधवार को लोदीपुर बिशनपुर के बाद हकीमपुर में भी थ्रू सिगनल मिलने पर ट्रेन मेन लाइन से गुजर रही थी। अचानक हकीमपुर का पश्चिम होम सिगनल रेड कर दिया गया। जबकि इसके बाद वाला आउटर सिंग्नल ग्रीन था। लिहाजा सिगनल ओवरशूट के डर से ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। ड्राइवर से पूछताछ के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। वहीं मंडल मुख्यालय पर अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं मिली। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि इस प्रकार की घटना की जानकारी उन्हें नहीं मिली है।