मुरादाबाद। डीआरएम कार्यालय के मनन सभागार में बुधवार को संरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सभी स्टेशनों के यातायात निरीक्षक व मुख्य स्टेशनों के अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों व पर्यवेक्षकों के बीच ट्रेन संचालन में बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा हुई। डीआरएम राजकुमार सिंह ने कोहरे के दिनों में रेल संचालन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इन दिनों में सिग्नल न दिखने के कारण न सिर्फ ट्रेनों की गति कम हो जाती है बल्कि ओवरशूट का खतरा रहता है। हालांकि फॉग सेफ डिवाइस सिग्नल की जानकारी देने में काफी हद तक कामयाब रहती है। इसके बावजूद दुर्घटना से बचाव के लिए ट्रेन ड्राइवरों को सभी एहतियातों का पालन करने के निर्देश हैं। स्टेशन अधीक्षकों व यातायात निरीक्षकों ने कार्यों में आने वाली परेशानियों के विषय में अधिकारियों को बताया। इसके निराकरण पर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने संरक्षा को हर हाल में प्राथमिकता देने के लिए कहा। बैठक में सीनियर डीओएम आशीष सिंह, चेतन तनेजा, सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह, ऋचा शर्मा, डीसीएम प्रशांत कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।