लोकसभा चुनाव के दौरान 50 हजार से अधिक कैश लेकर कोई व्यक्ति चलता है तो उसे बैंक की रसीद या संबंधित संस्थान का उद्देश्य सबूत के साथ दिखाना होगा। अन्यथा चेकिंग में लगी एसएसटी पकड़ कर पैसे को जब्त कर लेगी।
एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि 50 हजार रुपये लेकर चलने में कोई दिक्कत नहीं है। इससे अधिक पैसे लेकर चलने के लिए आईडी प्रूफ, संबंधित संस्थान का प्रमाण पत्र दिखाना होगा। यदि कोई पेट्रोल पंप संचालित करता है तो उसके कर्मचारी प्रति दिन बिक्री लाखों की रकम लेकर बैक जाएंगे लेकिन उसे बैंक में जमा पर्ची दिखानी होगी। किसी संस्थान के कर्मचारी बैंक में पैसा जमा करने के लिए जा सकते हैं लेकिन उनको प्रूफ दिखाना होगा। आयोग के अधिकारियों के संतुष्ट होने पर पैसे को लेकर जाने की अनुमति प्राप्त होगी।
इसी प्रकार अस्पताल में ऑपरेशन के लिए पैसा लेकर जाते समय मरीज की पर्ची दिखाना होगा। वैसे डीएम ने अस्पताल में पैसा लेकर जाने वालों को मानवीय आधार पर छूट दे रखी है। कागजात नहीं मिलने या संतोष जनक उत्तर नहीं देने पर पैसे जब्त किए जाएंगे। किसी प्रत्याशी के एजेंट को भी 50 हजार रुपये और दस हजार कीमत की प्रचार सामग्री लेकर जाने की छूट है लेकिन आईडी और अन्य प्रमाण पत्र दिखाना होगा। यदि एजेंट शराब या मादक द्रव्य लेकर चलेगा तो उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की जाएगी। दस लाख से अधिक कैश पकड़े जाने पर तत्काल आयकर विभाग के अधिकारी को जानकारी देना होगा। इसके लिए कैश के साथ संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोकना होगा।
जिले की एजेंसी ने 29 लाख और अन्य एजेंसियों ने 72 लाख जब्त किए
एडीएम सिटी ज्योति सिंह के अनुसार जिले में अलग अलग बैरियर पर तैनात एसएसटी टीमों ने 29 लाख से अधिक रुपये जब्त किए हैं। इसमें बिलारी की टीम ने पांच लाख 60 हजार, कांठ ने दो लाख 60 हजार, कुंदरकी ने सात लाख 11 हजार, मुरादाबाद नगर में नौ लाख 61 हजार, ठाकुरद्वारा टीम ने चार लाख 22 हजार रुपये बरामद किया है। मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में एक भी पैसा नहीं पकड़ा गया है। इधर आयकर और अन्य एजेंसियों ने जिले से 72 लाख 98 हजार रुपये जब्त किए हैं। इस मामले में चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी गई है।
जनपद और राज्य बॉर्डर पर बनाए गए हैं 11-11 बैरियर
मुरादाबाद। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि मुरादाबाद का कुछ हिस्सा उत्तराखंड बॉर्डर से लगा है। इस बॉर्डर पर 11 बैरियर बनाए गए हैं। जहां आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही हैं। इसके अलावा रामपुर, संभल, बिजनौर, अमरोहा बॉर्डर पर भी 11 बैरियर बनाए गए हैं। जहां तीन-तीन शिफ्टों में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। जनपद के अंतर भी 33 बैरियर बनाए गए हैं। मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए एफएसटी बनाई हैं। जनपद के 19 थाना क्षेत्र में स्टेटिक बैरियर बनाए गए हैं। जहां शराब, नशीले पदार्थ समेत अवैध धंधों पर रोकथाम के लिए पुलिस टीमें तैनात रहती हैं।