कुंदरकी। शनिवार को कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम आजमनगर चौपड़ा में आयोजित भाकियू टिकैत की बैठक में महमूदपुर माफी बिजलीघर की चरमराती बिजली व्यवस्था पर रोष व्यक्त किया गया। भाकियू टिकैत के मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने कहा कि बिजली कर्मचारी मनमानी पर उतर आए हैं और मनमाने ढंग से बिजली कटौती कर रहे हैं, दो-दो दिनों तक गांव में भी बिजली नहीं आती जिसको अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहाकि अवर अभियंता फोन नहीं उठाते और बिजलीघर का सरकारी फोन बंद कर दिया जाता है तो फिर किसान किस से बिजली की जानकारी करे। प्रदीप त्यागी ने कहा कि सरकार ने किसानों के नलकूपों के लिए निर्बाध दस घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दिए हैं और किसानों को दस घंटे बिजली चाहिए। इस समय दो तीन घंटे बिजली से काम नहीं चलेगा और जिस बिजली कर्मचारी को काम नहीं करना या मनमानी करनी हो तो वह अपना स्थानांतरण किसी दूसरे बिजलीघर को करा ले क्योंकि ऐसे कर्मचारियों की एक सूची बनाई गई है । चेतावनी दी गई कि अगर चार दिनों में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा । बैठक में मुन्ना सिंह, जबर सिंह, शिवलाल त्यागी, मनोज, सुभाष त्यागी, दिनेश, होराम, राजवीर सिंह, शिवदास, धर्मवीर सिंह, भूरे सिंह, जाबिर हुसैन, कल्लू खां, अशोक सिंह, हरवीर सिंह, याकूब अली, बबली, शिवकुमार, सतवीर सिंह, काले, संजू आदि किसान शामिल थे ।