अब तक एसी व स्लीपर क्लास के वेटिंग टिकट रेलवे की विंडो से खरीदने वाले यात्रियों को स्लीपर कोच में खड़े होकर या व्यवस्था अनुसार बैठकर यात्रा करने की छूट दे दी जाती थी। हालांकि नियमों में इसका कहीं उल्लेख नहीं है। अब गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में बेतहाशा भीड़ के कारण वेटिंग टिकट वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार देर रात कई ऐसे मामले हुए जिनमें टिकट चेकिंग स्टाफ ने वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को स्लीपर कोच से उतार दिया और जनरल बोगी में जाने के लिए कहा। लिंक एक्सप्रेस में कानपुर से हरिद्वार का सफर कर रहे एक यात्री एक्स पर पोस्ट कर आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा न करें। अनारक्षित व वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के कारण एसी व स्लीपर कोचों में आरक्षित यात्रियों की शिकायतें प्राप्त होती हैं।