ठाकुरद्वारा। एक युवक ने अपनी पत्नी से जान को खतरा बताते हुए पुलिस से उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को रविवार को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसका निकाह करीब दो वर्ष पूर्व हुआ था। उसका एक पुत्र है, जिसकी उम्र करीब 15 माह है। पति का कहना है कि वह अपने परिवार से अलग रहता है। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी आए दिन मारपीट और गाली गलौज करती है। उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। आरोप है कि वह उससे 20 लाख रुपये की मांग कर रही है। पति का कहना है कि 29 मार्च को शाम करीब सात बजे उसकी पत्नी ने फिर उसके साथ मारपीट की। इस पर उसके भाई ने 112 डायल पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया तो आरोप है कि उसने पुलिस वालों के साथ भी गाली गलौज की और अभद्र व्यवहार किया, जिसकी वीडियो पुलिस कर्मियों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड की। पति ने पुलिस से अपनी पत्नी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।