नागफनी के दौलत बाग वाल्मीकि बस्ती में पति भूरा ने अपनी पत्नी की सांस लेने की नस काट दी थी। इसके अलावा उसके सिर और चेहरे पर भी चाकू से हमले किए थे। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका पता चला है। उधर, पुलिस ने बेटे की तहरीर पर केस दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी।
दौलतबाग वाल्मीकि बस्ती निवासी भूरा वाल्मीकि लिहाफ और गद्दे किराये पर देने का काम करता है। मंगलवार शाम वह अपनी पत्नी बेबी की हत्या करने के बाद लाश कमरे में बंद कर फरार हो गया था। घटना के समय दंपती के बेटे सागर, आकाश और छोटू बाहर गए थे जबकि बेटी दीपा अपनी ससुराल में थी। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि महिला बेबी की चाकू से गर्दन काट दी थी। उसकी सांस लेने की नस कट गई थी। इसके अलावा सिर, चेहरे पर भी चाकू से हमला किया गया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।