ठाकुरद्वारा। 20 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न करने पर महिला को उसके पति ने भरी पंचायत में तीन तलाक दे दिया। नगर के वार्ड 20 निवासी शाहीन परवीन ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसका निकाह 17 जनवरी 2022 को जनपद बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी वसीम अहमद के साथ हुआ था। उसका कहना है कि उसके पति और ससुराल वाले दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। उन्होंने उस पर शादी के छह माह बाद ही अपने मायके से 20 लाख रुपए और एक स्कॉर्पियो लाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। गर्भवती होने पर उन्होंने गर्भ की जांच कराई तो पल रहे बच्चे का लिंग लड़की आया। इस पर वे उससे और ज्यादा नफरत करने लगे। आरोप है कि मांग को लेकर उन्होंने 14 दिसंबर 2024 को उसे मारपीट कर धक्के देकर अपने घर से निकाल दिया। उसने मायके में एक बेटी को जन्म दिया। 31 दिसंबर 2024 को शरीफ नगर में दोनों पक्षों की पंचायत हुई। पंचायत ने पति और ससुराल वालों को शाहीन परवीन को अपने साथ ले जाने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक 20 लाख रुपये और स्कॉर्पियो की मांग पूरी नहीं होगी वे उसे नहीं ले जाएंगे। मांग पूरी करने से मना किया तो महिला को उसके पति ने पंचायत में तीन बार तलाक तलाक तलाक कहकर तलाक दे दिया। पुलिस ने महिला के पति सहित ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।