कुंदरकी (मुरादाबाद) । देहरादून में बादल फटने से हुए भीषण हादसे में जान गंवाने वाले कुंदरकी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुड़िया जैन में सात श्रमिकों के आश्रितों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन गंभीर नजर आया। डीपीआरओ और पीडी के साथ कुंदरकी ब्लॉक के अधिकारी भी डेरा डाले रहे। कुंदरकी एडीओ पंचायत कुलदीप सिंह और पंचायत सचिव सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक श्रमिकों के आश्रितों के मुख्यमंत्री आवास योजना से दैवीय आपदा के तहत चार आवास और चार शौचालय स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही जिन श्रमिकों के नाम पर कृषि भूमि भी है तो उनको कृषक दुर्घटना बीमा के तहत पांच पांच लाख रूपये की धनराशि दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके अलावा पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 30 हजार मिलेगें। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से नाबालिग बच्चों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने के अलावा बाल विकास और महिला कल्याण विभागों की ओर से भी पीड़ित परिवारों को लाभांवित कराने की कवायद चल रहे है। वहींं शासन स्तर से प्रत्येक मृतक को दो दो लाख रूपये की आर्थिक मदद की घोषणा पहले ही हो चुकी है।