मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर विद्यार्थी भी बेकरार हैं। इसका सबसे बड़ा कारण महानगर में विश्वविद्यालय की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करवाना है। उन्हें एक ही आस है कि मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय निर्माण की मंजूरी हो हरी झंडी दिखा दें। इस संबंध में नगर विधायक रितेश गुप्ता का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री की होने वाली बैठक में वह विश्वविद्यालय निर्माण के लिए बात करेंगे।
पिछले कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मुरादाबाद के दौरे पर आए थे तो प्रदेश अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र चौधरी और नगर विधायक रितेश गुप्ता ने राज्य विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाया था। इस पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय का प्रस्ताव मांग लिया था। इस पर जिला प्रशासन ने राजकीय पॉलीटेक्निक परिसर में सरकारी विश्वविद्यालय निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया था। यहां पर राज्य विश्वविद्यालय के लिए 20.95 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। सरकार के प्रयासों को देखकर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय निर्माण की आस जगी थी, लेकिन अभी तक यह पूरी नहीं हुई है। मुरादाबाद मंडल में राज्य विश्वविद्यालय न होने की वजह से विद्यार्थी प्रवेश के समय, परीक्षा के समय, डिग्री लेने के समय होने वाली छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी बरेली के चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं।