कुंदरकी। बृहस्पतिवार की देर रात आई तेज आंधी-बारिश के दौरान कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम डींगरपुर, गुरेर, ताहरपु्र, असदपुर, अल्लापुर भीकन, मसेबी रसूलपुर, ललवारा समेत आसपास के इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई। जिससे मौसम भी बदल गया है और लोगों ने गर्मी से राहत मिली। वहीं कुंदरकी डींगरपुर रोड पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया, जिसकी वजह से वाहन चालक आसपास के संपर्क मार्गों से होकर निकलने को मजबूर हुए। साथ ही हाईटेंशन लाइनों में ब्रेक डाउन होने से कुंदरकी, मैनाठेर, ताहरपुर, जैतवाड़ा समेत कई बिजलीघर का संचालन ठप गया है। देर रात तक कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके में ब्लैकआउट जैसे हालात नजर आए। एसडीओ दया शंकर का कहना है कि आंधी काफी तेज थी जिसकी वजह से विद्युत आपूर्ति ठप हुई, पेट्रोलिंग के बाद ही पता चल सकेगा कि आंधी से कितने विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई है।