मझोला क्षेत्र में 15 फरवरी 2023 की रात सीए श्वेताभ तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिविल लाइंस के साईं गार्डन कॉलोनी निवासी सीए श्वेताभ तिवारी घटना के समय अपने दफ्तर के बाहर घर जाने से पहले मोबाइल पर बात कर रहे थे। इस दौरान आए बाइक सवार शूटर हत्या करने के बाद फरार हो गए थे। सीए की पत्नी शालिनी तिवारी ने इस मामले में केस दर्ज कराया था। इस मामले में सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक, पाकबड़ा के गिंदौड़ा निवासी केशव शरण शर्मा, भोजपुर के हिमायूंपुर निवासी खुशवंत सिंह उर्फ भीम और कोतवाली के रेती स्ट्रीट निवासी विकास शर्मा जेल में बंद हैं।
पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया था कि ललित कौशिक ने केशव और खुशवंत को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर सीए श्वेताभ तिवारी की हत्या कराई थी। इस हत्याकांड की साजिश रचने में विकास शर्मा भी शामिल था। दूसरा मुकदमा विहिप नेता संतोष पंडित पर जानलेवा हमला करने का है। यह मुकदमा 12 फरवरी 2023 को मझोला थाने में दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर विवेचना के दौरान ललित कौशिक का नाम केस में शामिल किया था। दोनों ही मुकदमों की सुनवाई एडीजे 14 की अदालत में की जा रही है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि वकीलों की हड़ताल के कारण मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने दोनों ही मुकदमों में अग्रिम कार्यवाही के लिए 4 मार्च लगा दी गई है।