मुरादाबाद। रामपुर की पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी मामले में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो पाई। केस के विवेेचक ऋषिपाल सिंह अपने बयान दर्ज कराने कोर्ट पहुंचे लेकिन न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण इस मामले में अब 10 अक्तूबर को सुनवाई होगी। यह मामला 2019 में दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में आजम खां, मुरादाबाद के पूर्व सांसद डाॅ. एसटी हसन, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खान आरिफ और रामपुर के पूर्व चेयरमेन अजहर खान को आरोपी बनाया गया है जिसमें आरोप लगाया कि 2019 लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में आयोजित किए गए सम्मान समारोह में रामपुर की पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इस मामले की सुनवाई मुरादाबाद में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रही है। जयाप्रदा के अधिवक्ता वैभव अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को केस के विवेचक के बयान दर्ज किए जाने थे लेकिन शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो पाई है। अब इस मामले में 10 अक्तूबर को सुनवाई होगी।