मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तीसरे दिन शुक्रवार को चार और अस्पतालों को सील किया गया। सीएमओ का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी जा रही है।
जिले में फैले अवैध अस्पतालों के मकड़जाल के खिलाफ अमर उजाला में लगातार खबरें प्रकाशित की गईं। इसका संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अस्पतालों के खिलाफ अभियान शुरू किया। अभियान के तीसरे दिन डिप्टी सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने नसीम क्लीनिक काजीपुरा का निरीक्षण किया। यहां पर संचालक की शैक्षिक योग्यता डीफार्मा मिली और वहां पर बुखार से पीड़ित एक मरीज भर्ती मिला। मरीज को दवा देकर घर भेज दिया और क्लीनिक को सील कर दिया गया है।
इसके बाद सिटी मेडिकेयर नर्सिंग होम करनपुर डिलारी का निरीक्षण किया। संचालक डॉ. शकील के पास बीएएमएस की डिग्री है, लेकिन वहां पर ऑपरेशन थिएटर, रेडियंड वॉर्मर और दस बेड मिले। इनका सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण नहीं मिला। इसलिए ओटी को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही आयुर्वेदिक अधिकारी को जानकारी दी गई है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह ने निरीक्षण कर एवन हेल्थ केयर की ओटी सील की है। वहीं लाइफ केयर क्लीनिक काला झंडा डिलारी रोड का निरीक्षण कर वहां पर भी कार्रवाई की गई।
अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अस्पतालों को सील करने के अलावा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ, मुरादाबाद।