मुरादाबाद। महाशिवरात्रि एक मार्च को है। शनिवार को बहुत से श्रद्धालु कांवड़ लेने के लिए ब्रजघाट गए हैं, जबकि अन्य जनपदों के श्रद्धालु हरिद्वार से अपने शिवालयों के लिए गंगाजल लेकर लौटने लगे हैं। कांवड़ियों के साथ वाहनों में बजते भोले के भजनों पर श्रद्धालु नाचते-झूमते अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। शनिवार को दिनभर कांठ रोड पर कांवड़ियों के बेड़े जा रहे थे। भोले के जयकारों से पीतल नगरी का वातावरण भक्तिमय हो रहा है।
मुरादाबाद के श्रद्धालु हरिद्वार के अलावा ब्रजघाट से भी कांवड़ लेकर आते हैं। पिछले सप्ताह से श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लेकर आते हैं। पीलीभीत, बदायूं, बरेली और रामपुर के श्रद्धालु गेरुआ वस्त्र धारण किए हुए शिवालयों की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। कंधे पर कांवड़, होठों पर भोले के जयकारे और पैरों में घुंघरू उनके उत्साह को बढ़ा रहे थे। उनके साथ वाहनों में लगे म्यूजिक सिस्टम में भोले के भजन बज रहे थे। नाचते-झूमते श्रद्धालु भोले की भक्ति में मगन हैं। भोले के भक्तों की सेवा के लिए कांठ रोड पर टेंट लग गए हैं। पीलीभीत निवासी प्रवीन ने बताया कि उनके साथ 23 श्रद्धालुओं का जत्था है। वह बुधवार को हरिद्वार से कांवड़ लेकर चले थे। सोमवार रात तक पीलीभीत पहुंच जाएंगे। रामपुर के बिलासपुर निवासी बबलू कुमार उपाध्याय ने बताया कि हमारे बेड़े में 35 श्रद्धालु हैं।