मुरादाबाद। लोक निर्माण विभाग हनुमान मूर्ति पुल से पंडित नगला मार्ग के गड्ढों को पाट रहा है। बुधवार से इस रोड की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। इसी प्रकार लोनिवि ने दलपतपुर से अलीगढ़ जाने वाले छह किलोमीटर मार्ग का डामरीकरण किया है लेकिन इस मार्ग को काशीपुर (उत्तराखंड) को बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने यूपी सरकार से बातचीत की है। संभावना है कि शीघ्र ही इस पूरे मार्ग का कायाकल्प हो जाएगा।
हनुमान मूर्ति पुल से कोहिनूर तिराहा मार्ग काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। जगह जगह गड्ढों के चलते आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही थी। रात में कई लोग इस मार्ग पर बाइक से फिसलकर गिर चुके हैं। लोनिवि प्रांतीय खंड ने इस मार्ग को बनाने का निर्णय लिया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता की देखरेख में सोमवार को गड्ढों को गिट्टी और बालू से भरा गया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर लोनिवि के अभियंताओं ने बुधवार से हॉट मिक्स प्लांट से एक लेयर सड़क बनाने का निर्णय लिया है।
लोनिवि ने दलपतपुर डुंगरपुर - अलीगंज मार्ग पर 5.8 किलोमीटर सड़क सोमवार को बना दी गई। लोनिवि ने 20.8 किमी सड़क बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। हालांकि इस मामले में उत्तराखंड के प्रमुख नेताओं ने इस मार्ग का निर्माण करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी संपर्क किया है। दोनों पक्षों के बीच शीघ्र रोड निर्माण करने के लिए सकारात्मक बातचीत हुई है। संभावना है कि इस मार्ग का शीघ्र कायाकल्प होगा। यह मार्ग अलीगंज नेपा चौकी से काशीपुर (उत्तराखंड ) को जोड़ती है। यह मार्ग 44 किलोमीटर लंबा है। इस मार्ग से जुड़ने से उत्तराखंड के लोग बरेली दिल्ली हाईवे से जुड़ जाएंगे। व्यवसायिक रूप से यह मार्ग काफी अहम माना जा रहा है।