मुरादाबाद। नए कपूर कंपनी पुल के निर्माण ने तेजी पकड़ ली है। नींव खोदने के बाद उसे कंक्रीट से भरने का काम फुर्ती से चल रहा है। इसे पूरा होने में सप्ताह से 10 दिन लग जाएंगे। इस बीच लखनऊ कार्यशाला से नए पुल के हिस्से तैयार होकर आने लगे हैं। शुक्रवार शाम को 12 कॉलम (खंभे) मुरादाबाद पहुंचाए गए।
कंक्रीट भरने का काम खत्म होने के बाद इन्हें स्थापित किया जाएगा। खुल 45 कॉलम स्थापित होंगे, जिनके ऊपर पुल के गार्डर रखे जाएंगे। 12 कॉलम स्थापित करने से पहले ही बाकी के 33 कॉलम भी लखनऊ से मुरादाबाद भेज दिए जाएंगे। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम का प्लान है बारिश शुरू होने से पहले जितना काम कर लिया जाए, उतना बेहतर है। पहले नया पुल सितंबर तक तैयार करने की योजना थी लेकिन बारिश इसमें खलल डाल सकती हा। इसलिए नवंबर तक काम पूरा हो पाएगा। नजीबाबाद की निजी फर्म पुल की नींव खोदने, कंक्रीट भरने व पुल को स्थापित करने का काम कर रही है।
170 मीटर लंबे पुल का टेंडर दो हिस्सों में किया गया है। रेलवे की लखनऊ स्थित कार्यशाला लोहे के पुल का निर्माण कर रही है। जबकि निजी फर्म क इसे स्थापित करने के लिए ठेका दिया गया है। 7.10 करोड़ के प्रोजेक्ट से पांच लाख की आबादी की परेशानी हल हो जाएगी। फिलहाल लाइनपार व शहर के बीच दोपहिया वाहनों का आवागमन लोकोशेड पुल से हो रहा है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि नया पुल तैयार हो रहा है। जल्द से जल्द इसे पूरा करने की कोशिश है। मौके पर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर डीके गुप्ता, बलजीत सिंह, कंपनी के ठेकेदार विशाल आदि मौजूद रहे।