उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने प्रेमी पर शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी धमकाने लगा। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित युवती ने बताया वह सिविल लाइंस क्षेत्र में पिछले चार साल से चाइल्ड केयर टेकर के रूप में काम करती है। युवती ने बताया कि करीब एक साल पहले सहेली के जरिए पाकबड़ा क्षेत्र के गांव निवासी युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। तब दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। इसके बाद लंबे वक्त तक फोन पर दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया और दुष्कर्म किया। युवती ने जब भी शादी के लिए दबाव बनाया आरोपी टाल मटोल कर देता था। अब आरोपी ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी और उसके परिजन धमकी दे रहे हैं कि अगर बार-बार शादी के लिए दबाव बनाया तो उसे जान से मार देंगे। एसएसपी हेमराज मीना ने सिविल लाइंस थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।