फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: दिवाली पर जनपदवासियों को तोहफा, पूरा हुआ दशकों पुराना सपना

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मुंबई के लिए सीधी ट्रेन के रूप में दिवाली से पहले जिले के लोगों को तोहफा मिलने जा रहा है। इस घोषणा से सामान्य यात्रियों से लेकर उद्यमी, रंगकर्मी व युवा सभी खुश हैं। व्यापार व कॅरिअर के लिहाज से तो किसी को मुंबई घूमने की चाह के कारण यह ट्रेन भा रही है। अब तक मुंबई जाने के लिए मुरादाबाद के लोग दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़ते हैं। इसके साथ ही मुरादाबादवासियों का मुंबई के लिए सीधी ट्रेन का 50 साल पुराना सपना भी पूरा हो गया।
विज्ञापन


बरेली से मुंबई के लिए दो ट्रेनें उपलब्ध हैं, लेकिन उनका संचालन सप्ताह में सिर्फ एक दिन होता है। ऐसे में जरूरी कार्यों से जाने के लिए लोगों को दिल्ली का रुख करना पड़ता है। वर्तमान समय में शहर के तमाम युवा एक्टिंग के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की चाह लेकर मुंबई आवागमन करते हैं। उद्यमी व्यापार के सिलसिले में जाते-आते रहते हैं, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स को ब्लॉगिंग के लिए मुंबई की कई लोकेशन लुभाती हैं।
छुट्टियों में मुंबई व गोवा घूमने के लिए लोग टूर एंड ट्रेवल्स कंपनियों से बुकिंग कराते हैं। ऐसे में यह ट्रेन हर वर्ग के लिए तोहफा होगी। ज्ञात हो कि मुरादाबाद से मुंबई के लिए ट्रेन की मांग लगभग 50 वर्ष पुरानी है। इस बीच उत्तर रेलवे के करीब 10 जीएम बदल गए। सबके सामने मुरादाबाद के लोगों की मांग को रखा गया, लेकिन अधिकारी इसका हल नहीं निकाल पाए थे।
विज्ञापन

-

पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने उठाया था मुद्दा
मुंबई के लिए सीधी ट्रेन चलाने का मुद्दा पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने मजबूती से उठाया था। हालांकि, उनसे पहले भी जनप्रतिनिधि व अलग-अलग पार्टियों के नेता लगातार यह मुद्दा उठाते रहे हैं। डॉ. हसन ने रेलवे को ट्रेन का रूट सुझाया था। उन्होंने मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से काठगोदाम तक ट्रेन चलाने के लिए डीआरएम से लेकर जोनल मुख्यालय व रेलवे बोर्ड को भी पत्र लिखा था। बांद्रा से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक चलने वाली युवा एक्सप्रेस व संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को काठगोदाम तक विस्तार देने पर चर्चा भी हुई थी। अब रेलवे ने नई ट्रेन चलाने की घोषणा कर मुरादाबाद के लोगों की आवाज सुनी है।



लोगों की प्रतिक्रिया (फोटो)
आखिरकार मुरादाबाद के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी हो गई। रेलवे बोर्ड को धन्यवाद। इससे यहां के लोगों को रोजगार के लिए मायानगरी का रुख करने में आसानी होगी। आम यात्रियों को भी लाभ होगा।
- सुधीर पाठक, अध्यक्ष, दैनिक रेल यात्री संगठन

आईएमए राष्ट्रीय संगठन है। विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेने के लिए डॉक्टरों को मुंबई जाना पड़ता है। अब मुरादाबाद से सीधी ट्रेन मिलेगी तो समय व धन दोनों कम खर्च होंगे।
- डॉ. सीपी सिंह, प्रेसिडेंट इलेक्ट, आईएमए

निर्यातकों व उद्यमियों को इससे फायदा होगा। सड़क की कनेक्टिविटी अच्छी होने के कारण विदेशी ग्राहक दिल्ली से तो आ जाते हैं, लेकिन बंगलूरू व मुंबई तक अब भी हमें दौड़ लगानी पड़ती है। अब मुंबई तक जाना आसान हो जाएगा।
- लक्ष्य अग्रवाल, उद्यमी

मुरादाबाद व आसपास के कई युवा मंच के कार्यक्रमों के लिए मुंबई जाते हैं। हमारी मांग वर्षों से लंबित थी, जो अब पूरी हुई है। सीधी ट्रेन चलने से रंगकर्मियों सहित हर क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलेगा।
- पंकज दर्पण अग्रवाल, रंगकर्मी

मैं व मेरे दोस्त पिछले कई साल से टीवी धारावाहिकों में काम कर रहे हैं। मुंबई जाने के लिए हमें दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है या फ्लाइट लेते हैं। अब अपने शहर से सीधी ट्रेन मिलेगी तो सफर आसान हो जाएगा।
विज्ञापन

- हर्षिता मलिक, अभिनेत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें