दिल्ली के ध्यानार्थ..
दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी को दिया तीन तलाक
पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पाकबड़ा (मुरादाबाद)। दहेज में स्विफ्ट कार और नकदी न मिलने पर विवाहिता को मारपीट कर पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया है। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मुहल्ला मुल्लानो वाला निवासी मेहफुजूर रहमान ने अपनी पुत्री जेबा रहमान की शादी पुरानी दिल्ली के रामघाट वजीराबाद निवासी अब्दुल अजीम के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ससुरालियों ने विवाहिता को परेशान करना शुरू कर दिया था। पति अब्दुल अजीम स्विफ्ट कार और दो लाख रुपये की मांग करने लगा। इस बात को लेकर पंचायतें भी हुईं लेकिन कोई हल नहीं निकला। 7 फरवरी की रात को पति ने मारपीट कर तीन तलाक देकर जेबा को घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति अब्दुल अजीम, ससुर महफूज, सास कैसर जहां, ननद आयशा मरियम, देवर जहांगीर, जेठ नईम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।