मुरादाबाद। डॉलर देने का झांसा देकर एक ठग ने दो कनेक्शन एजेंटों से ढाई लाख रुपये ठग लिए। डॉलर बताकर जो थैला ठगों ने पीड़ितों को दिया था, उसमें साबुन निकला। पीड़ितों ने कटघर थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
रामपुर जनपद सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के रहने वाले रविंद्र कुमार और कटघर निवासी मुकेश शर्मा कलेक्शन एजेंट हैं। कटघर क्षेत्र के डबल फाटक पुल के पास समीरूल नाम के एक व्यक्ति से दोनों की मुलाकात हुई थी। आरोपी समीरूल ने बताया था कि उसके पास अमेरिकी डॉलर हैं। जिससे वह रुपयों में बदलना चाहता है लेकिन उसकी कोई मदद नहीं कर रहा है। आरोपी ने कहा कि सभी डॉलर ढाई लाख रुपये में दे देगा। दोनों एजेंटों ने ढाई लाख रुपये इकट्ठा कर समीरुल को दे दिए। आरोपी ने उन्हें एक थैला दे दिया। जिसमें वह डॉलर बता रहा था। आरोपी के जाने के बाद रविंद्र और मुकेश ने थैला खोलकर देखा तो उसमें साबुन निकला। इसके बाद ही दोनों को ठगी का एहसास हुआ।
कटघर थाना प्रभारी राजेश सौलंकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।