मुरादाबाद। त्योहारी सीजन को देखते हुए हवाई सफर का विस्तार करते अब हफ्ते में छह दिन कर दिया गया है। अब सोमवार से बुधवार छोड़कर हर दिन मुरादाबाद से लखनऊ के लिए उड़ान भरी जाएगी। अभी हफ्ते में सिर्फ तीन दिन (मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार) ही लखनऊ के लिए हवाई सेवा है। वहीं दशहरे के बाद मुरादाबाद से कानपुर के लिए हवाई सफर की घोषणा हो सकती है।
इस साल दस अगस्त को मुरादाबादियों की लंबे समय से चली आ रही हवाई उड़ान की मांग पूरी हो गई। मुरादाबाद हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए हवाई सेवा की शुरुआत की गई। यह सेवा हफ्ते में अभी तीन दिन है। मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को मुरादाबाद से लखनऊ के लिए उड़ान भरी जाती है। लेकिन अब इस सेवा का विस्तार कर दिया गया है। अब लखनऊ के लिए हफ्ते में तीन की जगह छह दिन उड़ान भरी जाएगी। सप्ताह में सिर्फ बुधवार को उड़ान नहीं भरी जाएगी। इसके अलावा कानपुर, देहरादून और हिंडन के लिए हवाई सेवा की योजना बनाई जा रही है। दशहरे के बाद कानपुर के लिए घोषणा भी हो सकती है।
मुरादाबाद एयरपोर्ट के डायरेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सात अक्तूबर से हवाई सेवा हफ्ते में छह दिन कर दी गई है। बुधवार छोड़कर हर दिन मुरादाबाद के लिए हवाई सेवा रहेगी।