कांठ (मुरादाबाद)। छजलैट थाना क्षेत्र के भैंडी फरीदपुर नया गांव में दोस्तों ने किसान कुलदीप (34) की पीट पीट कर हत्या कर दी। खून से लथपथ किसान का शव जंगल में पड़ा मिला। हत्या के बाद किसान के तीनों आरोपी दोस्त मौके से भाग निकले। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
छजलैट के गांव भैंडी फरीदपुर नयागांव निवासी कुलदीप (34) पुत्र सोहन सिंह खेती किसानी के साथ ही एक निजी फर्म में भी काम करता था। मंगलवार शाम कुलदीप का शव गांव संदलीपुर से मुस्तापुर खंडसाल को जाने वाले रास्ते पर जंगल में मिला। सूचना पर छजलैट थाना पुलिस और कुलदीप के परिजन मौके पर पहुंच गए। एसपी देहात संदीप कुमार मीना के मुताबिक कुलदीप गांव के ही अपने दोस्त अंकित, सनी और अंकित पचोकरा के साथ बैठ कर शराब पी रहा था। गांव के कई लोगों ने चारों को एक साथ बैठे हुए देखा था। देर रात पुलिस ने अंकित को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अंकित ने बताया कि सनी और कुलदीप के बीच शराब पीते हुए कहासुनी हो गई थी। उस वक्त को दोनों को समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद अंंकित वहां से चला गया। आरोपी सनी और अंकित पचोकरा आपस में जीजा साले हैं। कुलदीप के सिर पर वार किया गया था। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।