बछरायूं। किसी जालसाज ने महिला के डाकघर में स्थित खाते को अपने मोबाइल नंबर से समबद्ध कर उसके खाते में आई प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की पहली किस्त के 50 हजार रुपये निकाल लिए। महिला को जानकारी हुई तो पांव तले जमीन खिसक गई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर के मोहल्ला बकाबाद निवासी महिला कमलेश पत्नी महावीर सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका खाता डाकघर में है। उसके खाते में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की पहली किस्त के रूप में आए 50 हजार रुपये जमा थे। वह खाते में जमा रकम को निकालने के लिए गई थी। वहां मालूम हुआ कि जमा धनराशि मोबाइल बैंकिंग के जरिए निकाल ली गई है।
जानकारी करने पर मालूम हुआ कि उसके खाते से 8006741520 नंबर समबद्ध है। कमलेश का कहना है कि यह मोबाइल नंबर उसका व परिवार के किसी भी सदस्य का नहीं है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि कमलेश की तहरीर पर मोबाइल नंबर के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला के खाते से लिंक मोबाइल नंबर की सर्विलांस के जरिए जानकारी की जा रही है।