मुरादाबाद। नागफनी पुलिस ने गोल कोठी डिप्टीगंज निवासी इशरत अली के खिलाफ जमीन की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोप है कि इशरत ने दूसरे का प्लॉट का मालिक बनकर 40 लाख रुपये हड़प लिया। पैसा मांगने पर अब धमकी दे रहा है।
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला जमुनी निवासी आनंद कुमार गुप्ता नागफनी थाना क्षेत्र के जिगर काॅलोनी में रहते हैं। आनंद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि इशरत अली ने उनको सिविल लाइंस के नीम वाली ज्यारत के पास 153 वर्ग गज का एक प्लाॅट दिखाया था। उस प्लाट को अपना बताते हुए इशरत अली ने 63 हजार रुपये प्रति वर्ग गज की दर से 24 अप्रैल 2023 को सौंदा किया था। इसके बाद एडवांस के तौर पर पांच लाख रुपये ले लिए। बाद में मई से सितंबर के बीच अलग-अलग समय पर कुल 40 लाख रुपये लिया, लेकिन बैनामा करने के लिए कहने पर टालमटोल करने लगा। पीड़ित ने जब प्लाट के बारे में छानबीन की तो पता चला कि प्लॉट को पहले किसी और ने खरीद रखा है। इशरत का उस प्लाट से कोई लेनादेना नहीं है। उसने आरोपी के घर जाकर प्लाॅट की रजिस्ट्री करने को कहा तो वह कहने लगा कि पार्टी मुम्बई की है। उसे बुलाएंगे तब रजिस्ट्री होगी। आनंद कुमार के रुपये वापस मांगने पर आरोपी इशरत अली भड़क गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। काफी दबाव बनाने पर आरोपी ने 15 लाख रुपये का एक चेक सितंबर 2023 में दिया, लेकिन वह चेक बाउंस हो गया। पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी से गुहार लगाई। थानाध्यक्ष नागफनी चमन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी इशरत अली के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।