सिविल लाइंस के जिगर कॉलोनी निवासी गर्वित सिंह ने पाकबड़ा निवासी मोहम्मद नासिर के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। जिसमें गर्वित ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनके पिता से प्लॉट का बैनामा कराने के नाम पर 19 लाख रुपये ले लिए थे लेकिन बैनामा नहीं कराया था।
गर्वित सिंह ने उसके पिता तेजवीर सिंह से पाकबड़ा के सुपरटेक कॉलोनी निवासी मोहम्मद नासिर ने 26 नवंबर 2019 में पाकबड़ा स्थित एक प्लॉट का सौदा 20 लाख रुपये में तय किया था। जिसमें आठ लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये चेक द्वारा दिए गए थे और एग्रीमेंट करा दिया गया था।
कुछ समय बाद ही बैनामा कराने की बात तय हुई थी, लेकिन 27 नवंबर 2020 और 21 अक्तूबर 2021 में एग्रीमेंट की अवधि बढ़वा दी गई थी। आरोप है कि 19 सितंबर 2022 को आरोपी ने एग्रीमेंट रजिस्ट्री निरस्त करा दी और धीरे धीरे उनके पिता से 19 लाख रुपये भी वसूल लिए थे।
गर्वित सिंह ने बताया कि उनके पिता ने मो. नासिर से प्लॉट का बैनामा कराने के लिए कहा तो वह धमकाने लगा था। धमकियां से मेरे पिता डर गए और उनकी तबीयत खराब रहने लगी। इसका उनकी सेहत पर बहुत असर पड़ा और 21 अगस्त 2023 को उनकी मृत्यु हो गई।
गर्वित का कहना है कि पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने मो. नासिर से अपने पक्ष में बैनामा कराने को कहा तो उसने साफ इन्कार कर दिया। तब गर्वित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।