पाकबड़ा (मुरादाबाद) पाकबड़ा के मोहल्ला कुरैशियों वाली गली में शुक्रवार रात नॉनवेज खाने के बाद एक परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ गई। शनिवार दोपहर एक महिला मुशरत जहां (50) की मौत हो गई जबकि उसकी बेटी जेबा (14), अदीबा (15) व शाने आलम (16) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला का पति इदरीश मजदूरी करता है। उसकी चार बेटियां और चार बेटे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम घर में नॉनवेज और दाल बनाई गई थी। शुक्रवार रात करीब नौ बजे इदरीश, पत्नी मुशर्रत और बेटी जेबा, अदीबा व शाने आलम की हालत बिगड़ने लगी। दस्त व उल्टियां होनी शुरू हो गई थीं। शनिवार सुबह मुशर्रत जहां की हालत ज्यादा खराब हो गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती खाया गया। दोपहर डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई। मुशर्रत जहां की बहन फूलजहां भी आ गई और उसने जेबा, अदीबा और शाने आलम को जिला अस्पताल भर्ती कराया। प्रभारी मोहित चौधरी फोर्स मौके पर पहुंच गए और परिवार के सदस्यों व आस पड़ोस के लोगों से जानकारी की है।
फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और दवाइयों के पत्ते, नॉनवेज व दाल के नमूने लिए। गृहस्वामी इदरीश ने पुलिस को बताया की घर शुक्रवार रात नॉनवेज और दाल बनाई गई थी। जिन्होंने दाल खाई थी। उनकी हालत ठीक है लेकिन जिन सदस्यों ने नॉनवेज खाया था। उनकी हालत खराब हुई है।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। पहली नजर में तो मामला फूडप्वाजनिंग का लग रहा है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।