डेंगू व बुखार से जिले में शुक्रवार को चार लोगों की मौत हुई है। इसमें छात्र, युवक के अलावा बुजुर्ग भी शामिल हैं। जिले में मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। वहीं डेंगू के मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 16 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
शहरी क्षेत्र में भोला सिंह की मिलक निवासी रवि (30) ने डेंगू के दम तोड़ दिया। उन्हें पांच दिन से बुखार था। ठाकुरद्वारा के गांव अस्लेमपुर में बुखार से 60 वर्षीय हाजी शौकत ने दम तोड़ दिया। उन्हें पांच दिन से बुखार था। पहले गांव के निजी चिकित्सक को दिखाया गया लेकिन प्लेटलेट्स लगातार कम होती गईं। इस पर परिजनों ने बुजुर्ग को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गुरेर में कक्षा सात के छात्र मोहम्मद अलफैज (13) की डेंगू से मौत हो गई। छात्र को दो दिन पहले तेज बुखार आया। इसके बाद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा डिलारी में लियाकत के छह वर्षीय पुत्र अफबान की बुखार से मौत हो गई। उसे पांच दिन से बुखार था और बृहस्पतिवार शाम को उल्टी हुई थी। मुरादाबाद के निजी अस्पतालों में भी डॉक्टरों ने देखते ही हालत में सुधार होने से इनकार कर दिया। शुक्रवार को बालक ने दम तोड़ दिया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि बिलारी, डिलारी, मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, भोजपुर, कुंदरकी और मुरादाबाद शहर में शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। यदि किसी को डेंगू या मलेरिया के लक्षण हैं, तो हेल्पलाइन नंबर 0591-2411224 पर सूचना दे सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि झोलाछाप के सस्ते इलाज चक्कर में जान जोखिम में न डालें। सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं। 108 पर कॉल करें, एंबुलेंस मरीज को घर से अस्पताल लेकर पहुंचेगी।