गांव डेहरा में कच्ची शराब बिकने की सूचना पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर हमला करने के जानलेवा मामले के चार आरोपियों ने रविवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि फरार दो महिला आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
29 फरवरी की रात में कांठ थाना क्षेत्र के गांव डेहरा में कच्ची शराब बिकने की सूचना डेहरा चौकी पुलिस को मिली थी। सूचना पर रात में ही डेहरा चौकी के सिपाही विजय कुमार और सर्वेश कुमार गश्त करते गांव पहुंचे थे। गांव में पहले से ही घात लगाकर बैठे वीर सिंह के परिजनों ने दोनों सिपाहियों को घेरकर उन पर लोहे के पाइपों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घर में भी खींचकर मारपीट की थी। हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिसकर्मी सर्वेश कुमार को निजी अस्पताल में इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था। वहीं विजय कुमार ने मुख्य आरोपी जसवंत उर्फ खन्ना उसके भाई देशराज, बेटे जीवन, अंकित, पत्नी ऊषा, निपेंद्र और रतिया पत्नी रामकिशोर के खिलाफ कांठ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।
दो मार्च को कांठ पुलिस ने आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को प्रभारी निरीक्षक कांठ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अब इस मामले में फरार चल रहे जसवंत उर्फ खन्ना, देशराज, जीवन, और निपेंद्र ने स्वयं ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। फरार दोनों महिला आरोपी ऊषा और रतिया को पकड़ने के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।