मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार मेले के जरिये सात हजार से ज्यादा युवाओं के चेहरे की चमक बढ़ाई। साथ ही जिले की कुंदरकी विधानसभा सीट के उपचुनाव की सियासी रणनीति का शिलान्यास भी कर दिया। मेला स्थल पर सीएम के हाथों 401 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। जिले की इन 292 योजनाओं में से 156 कुंदरकी क्षेत्र से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के चयन में भी राजनीतिक निहितार्थ का पूरा ख्याल रखा गया था। रामपुर रोड स्थित आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल भले ही मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सीमा में आता है, लेकिन सियासी भूगोल के हिसाब से यह क्षेत्र कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जहां आने वाले दिनों में उपचुनाव है।
सपा के कद्दावर नेता शफीकुर्रहमान बर्क के निधन के बाद उनके पोते जियाउर्रहमान बर्क के संभल का सांसद बन जाने से रिक्त हुई कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा के पास दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन मुस्लिम बहुल इस सीट के मतदाताओं को सीधा जोड़ने के लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। शायद यही वजह रही कि सीएम के साेमवार के दाैरे का पूरा फोकस युवाओं को आकर्षित करने और विकास के रास्ते खोलने पर रहा।
करीब 28 मिनट के संबोधन में सीएम ने ओलंपिक, मुरादाबाद के सरकारी विश्वविद्यालय, मेरठ के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय और मुरादाबाद हवाई अड्डे की चर्चा भी मजबूती से की। ये सभी बिंदु बेहतर भविष्य के सपने दिखाने के साथ युवा शक्ति को सीधे जोड़ने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने बेरोजगारों को नियुक्ति पत्र साैंपे तो कुछ अन्य युवाओं को कार्यक्रम में टैबलेट और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी बांटे। उन्होंने प्रदेश में हर साल लाखों युवाओं को रोजगार देने की घोषणा भी की। सभा को संबोधित करने के दाैरान रोजगार से शुरू की बात तुष्टीकरण पर खत्म की। सभा के बाद भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को उपचुनाव के लिए अपनाई जाने वाली रणनीति भी समझा गए। देखना होगा कि उपचुनाव में यह कवायद कैसे और किस रूप में अपनी छाप छोड़ती है।
000
खेल और खिलाड़ियों की भी चर्चा
- मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में खेल और खिलाड़ियों की भी चर्चा की। उन्हाेंने ओलंपिक में हाॅकी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। टीम में यूपी के दो खिलाड़ी होने को उपलिब्ध बताया। पीएम मोदी की खेलो इंडिया योजना की सराहना की। पैरालंपिक में प्रीति पाल के दो मेडल जीतने का जिक्र कर खेल योजनाओं को युवाओं के सामने रखा।
000
कंपनियां बढ़ीं, रोजगार की संख्या बढ़ जाएगी
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रोजगार मेले में 50 की जगह साै कंपनियां आईं हैं। इससे रोजगार की संख्या बढ़कर 15 हजार हो जाएगी। सीएम ने अपने हाथों से मंजीत कुमार श्वेता वर्मा, हिमांशु कुमार, सजल वत्स, साैरभ कुमार, सुमित कुमार मनीष, योगी कुमार, वंदना और सोनाक्षी नियुक्ति पत्र साैंपकर युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने का काम किया।
00
गुरु जंभेश्वर के जरिये भी जोड़ा नाता
- मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गुरु जंभेश्वर का तीन-चार बार जिक्र किया। कहा कि मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर के नाम से यूनिवर्सिटी खोली जा रही है। अब मुरादाबाद मंडल के बच्चों को पढ़ने के लिए दूसरे मंडलों में नहीं जाना होगा।