मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कांठ रोड स्थित दो दुकानों में सोमवार को छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम ने दोनों दुकानों से नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
कांठ रोड स्थित बास्किन राविन आइसक्रीम की दुकान का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सोमवार को अचानक निरीक्षण किया। इस बीच बिक्री के लिए रखी गई ब्लैक करेंट आइसक्रीम, स्ट्राबेरी आइसक्रीम, केसर पिस्ता आइसक्रीम और चाकलेट आइसक्रीम का सैंपल भर लिया। इसके बाद टीम ने रिलायंस रिटेल लिमिटेड का निरीक्षण कर सफोला एक्टिव ऑयल, दही, अरहर की दाल और पनीर के सैंपल को भर लिया। प्रतिष्ठान में फार्म नौ नहीं रहने पर जांच अधिकारियों ने नाराजगी जताई। इस मामले में सहायक आयुक्त ( खाद्य) विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जांच के लिए सैंपल वाराणसी स्थित संभागीय खाद्य प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह और अमिता जिज्ञासु शामिल थे। ब्यूरो