मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दो दुकानों में छापा मारकर मिलावट के शक में सात खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। टीम में शामिल अधिकारियों ने पांच क्विंटल 10 किलोग्राम मसालों को जब्त कर लिया। जब्त मसालों की कीमत 88 हजार बताई जा रही है।
डीएम के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने मिलावटी मसालों की जांच करने के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लाल मस्जिद पीपलसाना स्थित सरफराज की दुकान में छापा मारकर जांच की। मिलावट के शक में दुकान से लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर के नमूने भर गए। मौके पर बेचने के लिए रखी गई लाल मिर्च पाउडर लगभग 150 किलोग्राम, पीली मिर्च पाउडर लगभग 20 किलोग्राम, हल्दी पाउडर लगभग 120 किलोग्राम, धनिया पाउडर लगभग 60 किलोग्राम को जब्त कर लिया।
इसी प्रकार टीम ने पीपलसाना मुख्य बाजार निवासी मो. अकरम बाजार, मुरादाबाद की दुकान से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर व लाल मिर्च पाउडर के सैंपल भर लिए। मौके से टीम ने हल्दी पाउडर लगभग 50 किलोग्राम, धनिया पाउडर लगभग 60 किलोग्राम और लाल मिर्च पाउडर 50 किलोग्राम को मिलावट के शक में जब्त कर लिया। सहायक आयुक्त (खाद्य)- ग्रेड -2 ने बताया, कि सभी सात सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला वाराणसी भेजे गए हैं। लैब से रिपोर्ट मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह, सहरिश सादात और ज्योत्सना त्रिपाठी शामिल रही।