मुरादाबाद। रामपुर में रेलवे ट्रैक पर पुल के ऊपर से मिल्क वैन गिरने के कारण ओएचई टूट गई। इससे 16 ट्रेनें प्रभावित रहीं। पंजाब मेल, गंगा सतलुज समेत पांच ट्रेनों को चंदौसी होकर गुजारा गया। (14120) देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस को कटघर-काशीपुर होकर चलाया गया। सुहेलदेव, सत्याग्रह एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनों को मार्ग में रोकना पड़ा।
तकरीबन चार घंटे रेल संचालन प्रभावित रहा। इससे सैकड़ों यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
तड़के तीन बजे हादसा हुआ और सुबह 06:05 बजे पहली ट्रेन नौचंदी एक्सप्रेस कॉशन लेकर गुजारी गई। इसके बाद सभी ट्रेनें महज 20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से वहां से गुजरीं। दोपहर तक यही सिलसिला चला। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि अप और डाउन दोनों लाइनों की ओएचई टूटने से बेहद समस्या हुई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। क्रेन के जरिये रेलवे ट्रैक क्लियर किया गया। इसके बाद रेलवे के टीआरडी विभाग ने टूटी ओएचई की मरम्मत की। दुर्घटना वाले क्षेत्र में ट्रेनों की रफ्तार धीमी रहने से एक के बाद एक कई ट्रेनें लेट हुईं।