मुरादाबाद में किराना व्यापारी से अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी, रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने अफसरों से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कटघर के संभल रोड पर एमएच पेट्रोल पंप के पास रहने वाले लईक अहमद किराना व्यापारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब सवा छह बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। लईक ने कॉल रिसीव की तो उधर से बोलने वाले ने धमकी देते हुए उनसे पांच लाख रंगदारी देने को कहा। धमकी दी कि अगर पांच अगस्त तक रुपये नहीं दिए तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
उसने कहा कि हमारे गिरोह के सदस्य कई दिन रेकी कर रहे थे। परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी जुटा ली है। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।