मुरादाबाद। कटघर थाने में पीतल कारोबारी ने दो भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने 10 लाख 23 हजार रुपये की कीमत की पीतल की सिल्ली उधार ली थी। कारोबारी ने अपना माल वापस मांगा तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी।
कोतवाली के पठानों वाली मस्जिद भट्टी स्ट्रीट निवासी काशिफ शम्सी ने बताया कि वह पूजा के आइटम बनवाकर बेचने का कारोबार करते हैं। उनका कहना है कि पीतल नगरी निवासी सुहेल और उसके भाई शावेज ने दस लाख 23 हजार रुपये का पीतल का कच्चा माल (सिल्ली) उधार लिया था। समय बीतने के बाद भी दोनों भाइयों ने न तो माल तैयार दिया और न ही सिल्ली वापस की। इसके बाद कारोबारी ने आरोपियों के घर जाकर तकाजा किया, तब पता चला कि दोनों भाइयों ने बाजार से लोगों से करीब दो करोड़ रुपये का माल उधार ले रखा है। आरोपी चोरी चुपके मुरादाबाद से चले गए और रामपुर में रहने लगे। 27 अगस्त को आरोपी कटघर के लाजपत नगर में आए हैं। भनक लगने पर कारोबारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने माल वापस देने के लिए कहा। आरोप है कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।