मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने में एक अधिवक्ता ने दंपती समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपियों ने लक्सर में खनन पट्टा चलाने के लिए रकम ली थी।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हिमगिरी कालोनी निवासी अधिवक्ता जितेंद्र सिंह ने दर्ज कराए केस में बताया कि उत्तराखंड के कोटद्वार के गाड़ीघाट निवासी राजकुमार भाटिया और उनकी पत्नी कुलदीप कौर से उनकी जान पहचान थी। पांच सितंबर 2018 को कुलदीप कौर अपने साथ बिजनौर के अब्दुलपुर मुन्ना उर्फ हादरपुर निवासी हेमेंद्र कुमार, उसके बेटे तिलक मयूर व यमांतक और बिजनौर के नयागांव मुबारकपुर निवासी मोनू को साथ उनके घर आए थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लक्सर में कुत्तों घाट पर एक खनन पट्टा लिया है। जिसे चलाने के लिए उन्हें बीस लाख रुपये की जरूरत है। उन्होंने अधिवक्ता को दो माह में मूल रकम के साथ फायदा देने का भी वादा किया। अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने अपने मकान पर बैंक से लोन लेने के बाद आरोपियों को रकम दे दी थी। दो माह बाद रकम लौटाने का समय आया तो आरोपी टाल मटोल करने लगे। जितेंद्र का कहना है कि छह लाख आरोपियों ने उन्हें दिए। उन्होंने बीस लाख रुपये मांगे तो आरोपी धमकी देने लगे। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर राज कुमार भाटिया, कुलदीप कौर, हेमेंद्र कुमार, तिलक मयूर, यमांतर और मोनू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।