मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने में महिला समेत चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने रंगदारी नहीं देने पर कार चालक को जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की है।
संभल जनपद के बनियाठेर थानाक्षेत्र के कासमपुर जगरूप निवासी सोना ने कोर्ट में दाखिल किए गए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके पति सुल्तान सिंह सतीश की कार चलाते थे। महिला कहना है कि नैना उर्फ नीरज नाम की महिला ने उसके बेटे विट्टू के मोबाइल फोन पर एक काल की। उसने धमकी देते हुए कहा कि सुल्तान सिंह के अश्लील फोटो और वीडियो उसके पास हैं। महिला ने कहा कि वह अपने पिता से दस लाख रुपये दिलाए। अगर रुपये नहीं मिलेंगे तो वीडियो और फोटो वायरल कर दूंगी। सोना और उसके बेटे ने सुल्तान सिंह से पूछताछ की। तब सुल्तान सिंह ने बताया कि ठगों का गैंग उसके पीछे पड़ा है। जिसमें लड़कियां और पुरुष भी शामिल हैं। सुल्तान ने अपनी पत्नी को बताया था कि ये लोग काफी रुपये उससे वसूल चुके हैं।
12 जुलाई को कार मालिक सतीश ने सुल्तान को अखिलेश व तीन अन्य व्यक्तियों के साथ कार लेकर कहीं भेजा था। उसकी दिन मऊ गांव में चेतन नाम के व्यक्ति के घर में उसके पति की लाश मिली थी। सुल्तान सिंह की पत्नी का आरोप है कि मऊ गांव निवासी नीरज उर्फ नैना, चेतन, सतीश और बहजोई रोड चंदौसी निवासी अखिलेश और इनके साथियों ने जहर खिलाकर उसके पति की हत्या की है। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
=-------