मुरादाबाद। बिलारी के सपा विधायक फहीम इरफान और उनके परिवार के चार लोगों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दर्ज किया गया है। परिवादी का आरोप है कि विधायक के इशारे पर उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया है।
बिलारी थानाक्षेत्र के मोहम्मद इब्राहीमपुर निवासी हारुन जफर ने स्पेशल एमपी- एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने बिलारी के सपा विधायक फहीम इरफान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि 29 जून 2022 को उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। हारुन जफर का कहना है कि वह धान का बीज और बाइक का टायर खरीदने जाना था। वह अपनी बैठक में मौजूद था। इसी दौरान विधायक के चचेरे भाई मुजस्सिम, शहवाज और फारुख व आरिफ आ गए। उन्होंने बैग लूट लिया। जिसमें सात हजार रुपये थे। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
इस मामले की सूचना उसने पुलिस को दी थी, लेकिन आरोपियों के पीछे बिलारी के विधायक फहीम इरफान का हाथ होने की वजह से पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस मामले में वादी ने अपने वकील फजीहउल्ला खान के माध्यम से अदालत की शरण ली। अदालत ने पूरे मामले को परिवाद के रूप में दर्ज करते हुए वादी के बयान दर्ज करने के लिए सात सितंबर की तारीख लगा दी है।