मुरादाबाद। अदालत के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और बलवा का मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने तथ्यों को छिपाकर फर्जी कागजात के आधार पर उसकी जमीन अपने नाम कराने का प्रयास किया। इसके बाद उसके बेटे को जान से मारने की कोशिश की थी।
सिंकदराबाद कांठ की रहने वाली रिहाना (60) पत्नी नुरुज्मा खां ने पुलिस को बताया कि उसने ईंट भट्ठे की मिट्टी खोदने के लिए अपनी जमीन 15 फरवरी 91 को पटेगंज निवासी जमील अहमद को दिया था लेकिन उसने तथ्यों को छिपाकर खुद को जमीन का हिस्सेदार बताते हुए अपने नाम करा लिया। बाद में अदालत ने उसके विक्रय पत्र को निरस्त करते हुए जमीन रिहाना के नाम करने के आदेश दिए थे। 26 जुलाई 22 को महिला का पुत्र अनस किले के पास बस के इंतजार में खड़ा था। आरोप है कि इसी समय विरोधियों ने उसे घेरकर पीट दिया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर उसने अदालत की शरण ली। अदालत ने धारा 156(3) के तहत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों में उमरी कला कांठ निवासी उस्मान, नईम, ताहिर, महबूब, फैसल, साजिद, आले अली, अखलाक, शफकत, जमील, वसीम शामिल हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।