पित्त की थैली के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर के द्वारा दो महीने पहले पेट में पट्टी छोड़ने के बाद महिला के शरीर में फैले संक्रमण के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा में पित्त का ऑपरेशन करने के दौरान पेट में पट्टी छोड़ने वाले डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार के साथ डॉक्टर पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं स्वास्थ विभाग की टीम अस्पताल पहुंचकर विभागीय पहलुओं पर मामले की जांच पड़ताल करेगी।
विज्ञापन
अमरोहा नगर के मोहल्ला इमलीवाला में महेंद्र सैनी की पत्नी राधा का 21 नवम्बर 2022 को शहर के मोहल्ला पीरगढ़ स्थित पैसल नर्सिंग होम में पित्त की थैली का ऑपरेशन कराया था। जिसके सात दिन बाद डॉक्टर ने राधा को डिस्चार्ज कर दिया, लेकिन राधा की तबीयत में सुधार नहीं हुआ। उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजन राधा को लेकर अस्पताल पहुंचे और ऑपरेशन वाली जगह पर पस पड़ने की बात बताई। इस पर डॉक्टर ने पस सूखने के लिए महंगे-महंगे इंजेक्शन लगाए गए। बावजूद इसके राधा की तबीयत में सुधार नहीं हुआ। परिचितों के कहने पर महेंद्र सैनी पत्नी राधा को लेकर बुधवार को बिजनौर जनपद के नूरपुर में स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने सिटी स्कैन करने के बाद पेट में पट्टी होने की बात का दावा किया गया। जिसके बाद परिजनों का गुस्सा भड़क गया।
विज्ञापन
परिजन राधा को लेकर उसी अस्पताल में पहुंचे जहां ऑपरेशन कराया गया था। यहां परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। परिजनों का आरोप है कि जब डॉक्टर को ऑपरेशन के दौरान पट्टी छोड़ने की बात बताई गई तो वह मानने को तैयार नहीं हुए और उन्होंने अभद्रता की। जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया।
कुछ राजनैतिक लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास शुरू हुए। लेकिन कोई हल नहीं निकला। पीड़ित महिला के पति महेंद्र सैनी ने बताया कि डॉक्टर ने ऑपरेशन करके पेट से पट्टी निकाले ने लिए हामी भर ली थी। लेकिन उसने खर्चा उठाने से साफ मना कर दिया। जबकि उनकी लापरवाही की वजह से इंफेक्शन हुआ।
यहां तक धमकी दी है कि जो तुमसे हो वो कर लेना। उधर राधा की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। इसलिए परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में मेरठ से भर कर दिया गया। लेकिन वहां के डॉक्टर ने पूरे शरीर में संक्रमण फैलने की बात कहकर वापस लौटा दिया। लिहाजा शुक्रवार की देर शाम परिजन राधा को लेकर घर लौट आए।
जहां उसकी मौत हो गई। देर रात तक परिजन डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मृतका के पति महेंद्र सिंह ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जिसके आधार पर पुलिस ने मोहल्ला पीर गढ़ स्थित फैसल नर्सिंग होम के मालिक डॉ एसपी सिंह पैसल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
मृतक महिला के पति महेंद्र सैनी की तहरीर पर डॉ एसपी सिंह पैसल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -विजय कुमार राणा, सीओ सिटी