मुरादाबाद। दुकानदार पर हमला करने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मझोला के जयंतीपुर निवासी सोनू अग्रवाल कोतवाली क्षेत्र के अमरोहा गेट पर पान, बीड़ी सिगरेट का फड़ लगाता है। सोनू के भाई अंकित ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर रविंद्र बिष्ट दो साथियों को लेकर आया। उसने सोनू से फड़ लगाने को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी। सोनू ने विरोध किया तो तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सोनू के सिर में किसी हथियार से हमला कर दिया। जिससे सोनू लहूलुहान हो गया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी रविंद्र बिष्ट और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।