सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव बहादरपुर सराय उर्फ रायपुर में रास्ते में खड़ी बैलगाड़ी हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चौकी प्रभारी खिरनी की तहरीर पर पांच नामजद और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पांच आरोपियों को जेल भेजा है।
गांव बहादुरपुर सराय उर्फ रायपुर निवासी गजराम और महेश के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चला आ रहा है। यह आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। बुधवार की देर रात रास्ते में बैलगाड़ी खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज हुई। दोनों ओर से लाठी डंडे चले। इसके बाद पथराव हो गया। सूचना पर चौकी प्रभारी खिरनी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन सगे भाईयों और पिता-पुत्र समेत पांच को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट की मौके से वीडियो बनाई। यह वीडियो उच्च अधिकारियों के पास पहुंची। इसके बाद चौकी प्रभारी खिरनी सुधीर कुमार ने अपनी ओर से एक पक्ष के गजराम, मुकेश और दूसरे पक्ष के चरन सिंह, छिद्दालाल, प्रेम सिंह और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद पिता पुत्र समेत तीनों सगे भाईयों का चालान कर दिया है।