पाकबड़ा। थाना क्षेत्र में हाईवे पर बृहस्पतिवार की शाम हाईवे पर छात्रों के दो गुटों में मारपीट और फायरिंग हो गई। इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। आरोपी फायरिंग करने के बाद मौके से भाग गए। पुलिस ने एक नामजद दो अज्ञात केस खिलाफ केस दर्ज किया है।
बिलारी के डाक बंगला निवासी विजित सिंह टीएमयू में बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। विजित अपने साथी हर्षित चौधरी के साथ परीक्षा देकर बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कॉलेज के बाहर ढाबे पर खाना खाने के बाद लौट रहा था। दोनों कॉलेज के गेट पर ही पहुंचे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। तीनों युवकों के मुंह पर रुमाल बंधे हुए थे। बाइक सवार तीनों युवकों ने विजित और हर्षित के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। विजित ने मारपीट के दौरान एक युवक का रुमाल मुंह से हट गया।
उसकी पहचान शुएब मिर्जा के रूप में हुई। इस दौरान भीड़ से अपने आप को घिरता देख बाइक सवार युवकों ने अंटी से तमंचा निकालकर फायर झोंका। गोली चलते ही छात्र और राहगीरों में भगदड़ मच गई। इसके बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर तमंचा लहराते हुए हवा में फायरिंग करते हुए भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। छात्र विजित की तहरीर पर शुएब मिर्जा निवासी गुरैर थाना मैनाठेर और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस की एक टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने लिए भेजी गई है।
तीन माह में दर्ज हुई तीसरी एफआईआर
तीन माह के दौरान छात्रों के दो गुटों बीच तीसरी बार मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के गुरैर निवासी शुएब मिर्जा संस्थान में ही डिप्लोमा इन आई ऑप्टिकल फाइनल ईयर का छात्र था। सात अक्तूबर को शुएब मिर्जा को छुट्टी होने के बाद पाकबड़ा में दिल्ली रोड स्थित जेडएसटी मार्केट के पास खड़ा हुआ था। तभी संस्थान के ही तनुष और हिमांशु मान निवासी कांठ, सतेंद्र निवासी बिलारी और हर्षित चिल्लर ने शुएब मिर्जा के साथ लाठी डंडों से मारपीट कर सिर फाड़ दिया था। उसमें ही छात्रों ने हवाई फायर किए थे। उस मामले में शुएब के भाई हैदर अली की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद 30 अक्तूबर को हाईवे पर टीएमयू संस्थान की बस को रोक दिया था और बस पर हमला कर दिया था। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बृहस्पतिवार को फिर छात्रों के दोनों गुटों बीच आपस में एक दूसरे के आमने सामने आ गये और फायरिंग हो गई है।