मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित अनन्या डिजाइन फर्म में मंगलवार की देर रात साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने फर्म के कर्मचारियों के सहयोग से आग को काबू में कर लिया। हादसे में निर्यात के लिए तैयार कर रखा गया माल जलकर नष्ट हो गया। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
दिल्ली रोड स्थित अनन्या डिजाइन फर्म में निर्यात के लिए कर्मचारी सामान तैयार कर रहे थे। मंगलवार की रात करीब साढ़े तीन बजे अचानक भूतल स्थित तीन बड़े हाॅल में आग लग गई। आग देखते ही कर्मचारी भागकर बाहर निकल गए। उन्होंने घटना से फर्म के मालिक राजीव पुगला को अवगत कराया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपने स्तर से आग बुझाना शुरू किया लेकिन आग की लपटें बढ़ने लगी। फायर ब्रिगेड की टीम के आने तक आग विकराल हो गई थी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल आग को काबू में करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। फर्म मालिक राजीव पुगला परिवार के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने करीब 45 मिनट में आग को पूरी तरह से काबू में कर लिया।
फर्म मालिक राजीव पुगला ने बताया कि निर्यात के लिए बनी प्लेटिंग मशीनेें और अन्य आइटम आग से बेकार हो गए हैं। फर्नीचर जलकर राख हो गया। करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार चौधरी ने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों की यूनिट लगाई गई थी। प्राथमिक जांच में घटना का कारण शाॅर्ट सर्किट माना जा रहा है।