मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में दसवीं की छात्रा ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। उसके पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी उसकी बेटी को बदनाम करते थेे कि वो किसी से फोन पर बात करती है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दंपती समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है।
कटघर थाना क्षेत्र के सूरज नगर फल विक्रेता का परिवार रहता है। फल विक्रेता ने बताया कि दो माह पहले उसके भांजे रवि की शादी पड़ोस में रहने वाले तेजपाल की बेटी पिंकी के साथ हुई थी। रवि मझोला के शाहपुर तिगरी में रहता है। शादी के बाद से तेज पाल, उसकी पत्नी प्रेमवती और बेटी पिंकी उनसे रंजिश रखने लगे थे। आरोप है कि 11 दिन पहले तेजपाल और उसकी पत्नी प्रेमवती ने घर में घुस कर उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले की पुलिस से भी शिकायत की गई थी। मारपीट की घटना के बाद तेजपाल, पत्नी प्रेमवती व बेटी पिंकी ने उसकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय बेटी को बदनाम करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया था कि बेटी रवि से फोन पर बात करती है। उसके फोन पर मैसेज भी करती है। बेटी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज की। उसे देखकर तरह-तरह के आरोप लगाकर उसे बदनाम करते थे।
जिससे तंग आकर शनिवार शाम छात्र ने अपने घर में दुपट्टे को फंदा बनाकर छत के कुंडे में लटककर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने तेजपाल, उसकी पत्नी प्रेमवती, बेटी पिंकी पर परेशान और बदनाम करने का आरोप लगाया। छात्रा ने लिखा है कि वो इन लोगों की वजह से आत्महत्या कर रही है। रविवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। सीओ कटघर शैलजा मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर तेजपाल, उसकी पत्नी और बेटी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया गया है।