मामला कांठ थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां की रहने वाली कई महिलाओं का कहना है कि मोहिदीन और उसके बेटे फरमान व काला आए दिन फोन करके गालियां देते हैं। जब मोहल्ले के लोग रात में सो जाते हैं तो यह तीनों जबरन उनके घरों में घुस आते हैं। महिलाओं से अश्लील हरकतें करते हैं। मोबाइल पर अश्लील फोटो और मैसेज भेजते हैं।
महिलाओं का आरोप है कि तीनों पिता-पुत्रों ने उनकी फोटो एडिट करे अश्लील फोटो के साथ वायरल कर दिया है। जब इसका विरोध किया तो तीनों उनके साथ दुष्कर्म करने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों की हरकतों से तंग आकर मोहल्ले की दो महिलाएं घर छोड़कर अपने मायके भी चली गईं हैं। महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कांठ पुलिस को तहरीर दी।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर मोहिदीन और उसके बेटे फरमान व काला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वायरल वीडियो, फोटो और अश्लील मैसेज भी पुलिस ने अपने पास सुरक्षित किए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राम प्रसाद शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।