मुरादाबाद। मूंढापांडे थाने की पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में झोंडा संजीव और उसके पिता कल्लू को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी पिता- पुत्र को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के भोजपुर निवासी रामकिशोर ने मूंढापांडे थाने में बृहस्पतिवार की रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें राम किशोर ने बताया कि उसने अपनी बेटी पूनम की शादी 30 नवंबर 2025 को मूंढापांडे थाना क्षेत्र के झोंडा निवासी संजीव से की थी। पिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम पति संजीव, ससुर कल्लू, सास मंजू, जेठ मुकेश और जेठानी ज्योति ने पूनम को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की थी और फिर उसे फंदे पर लटका कर हत्या कर दी थी। शुक्रवार की शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। सीओ हाईवे वरुण विजय सिंह ने बताया कि शनिवार को संजीव और उसके पिता कल्लू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपी सास मंजू, जेठ मुकेश, जेठानी ज्योति की तलाश की जा रही है। ब्यूरो