कांठ। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं और तेंदुए के लगातार बढ़ रहे आतंक से निजात दिलाने की मांग करते हुए डीएम को तीन सूत्री ज्ञापन दिया है। कांठ तहसील क्षेत्र के गांव मौढ़ा तैईया के रहने वाले भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नौ सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम अनुज सिंह से मिला। यहां किसानों ने उनके समक्ष गन्ने की रिजेक्ट प्रजातियों को खत्म कराने, बैंकों द्वारा किसानों को दिए जाने वाले ऋण का ब्याज को ही जमा कराकर किसान क्रेडिट कार्ड रिन्यूवल कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे तेंदुओं के आतंक से किसानों को निजात दिलाने की मांग रखी। किसानों का कहना था कि कांठ और छजलैट क्षेत्र में लगातार तेंदुए दिखाई दे रहे हैं और यह किसानों व बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर रहे हैं। वन विभाग इन्हें पकड़वाए। तीनों मांगों के संबंध में भाकियू प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को ज्ञापन भी दिया। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि 10 अप्रैल तक समाधान नहीं हुआ तो किसान भवन छजलैट के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय सचिव डॉ.नौ सिंह ढिल्लो, छजलैट ब्लाॅक अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, महाप्रमुख सचिव चौधरी नितिन सहरावत, जिला उपाध्यक्ष सुदेश मुखिया, चौधरी वीर सिंह, टेकपाल सिंह, जगविंद्र सिंह आदि रहे।