इस दौरान मौके पर मौजूद हर इंसान की आंखें नम हो गईं। परिजन फैजान की मौत के सदमे में गमगीन थे, वह कुछ भी बोल नहीं पा रहे थे। वहीं हर कोई नम आंखों के साथ केवल मौत का शोक मना रहा था। यहां मौजूद सभी लोग हत्या की वारदात से हैरान थे। ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में सिर को सुपुर्द-ए-खाक तो कर दिया। जबकि 11 मई को फैजान के शव का दाह संस्कार किया गया था।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अगवानपुर मोहल्ला कुरैशियान निवासी मोहम्मद फैजान 5 मई की सुबह करीब 11 बजे फैजान घर से बिना बताए कहीं चला गया था। मोहम्मद फैजान की पत्नी शुक्रवार को सिविल लाइंस थाने में अपने पति की गुमशुदगी दर्ज कराने गई थी।
पुलिस ने महिला को 7 मई के दिन फकीरपुरा पुलिस चौकी और सोनकपुर ओवरब्रिज के पास एक गहरे गड्ढे में मिले सिर कटे शव की फोटो दिखाईं थी। इसके अलावा महिला को मृतक के कपड़े और अन्य सामान दिखाया था। तब महिला ने मृतक की पहचान पति फैजान के रूप में की थी। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।